


Seraikella-Kharsawan News: सरायकेला – खरसांवा जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत कालीचामदा, मतकामडीह, मैसाडा और बुरुहातु गांवों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों के झुंड के बार-बार गांवों में प्रवेश करने से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, अब तक हाथियों ने लगभग दो दर्जन मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे कई परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड मुख्य रूप से रात के समय गांवों में पहुंचता है। इससे ग्रामीण पूरी रात जागकर अपने घरों और परिवार की सुरक्षा करने को मजबूर हैं। हाथियों द्वारा खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा दिया जाए, गांवों में हाथियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए तथा हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए स्थायी और प्रभावी उपाय किए जाएं।
फिलहाल प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाएगा।



