New Delhi. सोना और चांदी में बिकवाली का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वैश्विक बाजारों में लगातार बिकवाली से निवेशकों की कारोबारी धारणा कमजोर बनी हुई है। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना लगातार नौवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रहा। बृहस्पतिवार को इसका भाव 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
चांदी की कीमत में भी गिरावट जारी रही। इसकी कीमत 4,000 रुपये घटकर 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 1.62 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
घरेलू बाजार की तरह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दोनों कीमती धातुओं पर लगातार दबाव बना हुआ है।

वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 38.99 डॉलर यानी 1.08 प्रतिशत टूटकर 3,586.32 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी करीब एक प्रतिशत टूटकर 42.62 डॉलर प्रति औंस रही। निवेशकों के लगातार अपना निवेश निकालने से दोनों कीमती धातुओं में गिरावट जारी रही।

दोनों कीमती धातुओं का भाव सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। विश्लेषकों ने कहा कि ताजा गिरावट ने सर्राफा निवेशकों को एक और झटका दिया है और बाजार में बिकवाली का दबाव कम होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।

