


Seraikella-Kharsawan: जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में बुधवार को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संवर्धन और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्विद्या हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया।
शिविरों में कुल 258 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया। साथ ही योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराते हुए नियमित योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कदमदिया में डॉ. डिंपल कुंकल ने 51 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय दुधि में डॉ. सोनाली प्रगति बेंजामिन ने 47 छात्र-छात्राओं की जांच कर पेट दर्द, खुजली, सिरदर्द, त्वचा रोग और सर्दी जैसी सामान्य बीमारियों के लिए दवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय उदयपुर में डॉ. यासमीन हैदरी ने 65 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय भण्डारीसाई में डॉ. प्रीति कुमारी ने 50 विद्यार्थियों की जांच कर सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में परामर्श एवं औषधियां उपलब्ध कराईं।
इसी क्रम में जगन्नाथपुर स्थित विद्यालय में आयोजित शिविर में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभा ने 45 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। यहां सर्दी, खांसी और पेट दर्द जैसी सामान्य समस्याओं से पीड़ित विद्यार्थियों को निःशुल्क दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
सभी विद्यालयों में योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। शिविरों के सफल संचालन में सहिया बहनों एवं विद्यालय प्रबंधन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामान्य बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देना है। विद्यार्थियों ने शिविरों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य एवं योग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।



