
Seraikella-kharsawan: जिला पुलिस की महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रोजेक्ट मिलाप’ के तहत लापता लोगों की तलाश और उनके सुरक्षित पुनर्मिलन का अभियान लगातार सफल हो रहा है। इसी क्रम में तिरुलडीह थाना क्षेत्र से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिरुलडीह थाना क्षेत्र निवासी महिला घरेलू विवाद के बाद बिना किसी को बताए घर से चली गई थीं। महिला के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तिरुलडीह थाना पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की।
महिला की तलाश के लिए तकनीकी शाखा की सहायता ली गई। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को महिला की लोकेशन मुरी रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद महिला को थाना लाकर आवश्यक सत्यापन एवं कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसके पश्चात उन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिजनों को सौंप दिया गया। महिला के घर लौटने से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
इस सफल कार्रवाई पर परिजनों ने सरायकेला-खरसावाँ पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट मिलाप’ के माध्यम से लापता व्यक्तियों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
