
Seraikella-Kharsawan: नगर पंचायत सरायकेला बोर्ड की तृतीय बैठक अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बरसात के मौसम को देखते हुए पूरे नगर क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया व अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग और लार्वा नाशक दवाओं के छिड़काव का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान तेज करने और जलजमाव वाले क्षेत्रों की निगरानी के निर्देश दिए गए।
बैठक में वार्ड 3, 6 और 10 की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान, अतिक्रमण व जाम की समस्या पर संयुक्त कार्ययोजना, विद्युत व्यवस्था में सुधार, सामुदायिक भवन निर्माण तथा नगर के तालाबों और पार्कों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण सहित कई विकास योजनाओं पर निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। बरसात के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
