Site icon Lahar Chakra

Seraikella-Kharsawan:  लगातार 19वीं बार अध्यक्ष बने मनोज कुमार चौधरी, 16 जुलाई से शुरू होगा सरायकेला का ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला

Seraikella-Kharsawan: सरायकेला थाना चौक स्थित श्री जगन्नाथ रथ मेला समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मौसीबाड़ी परिसर में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी श्री जगन्नाथ रथ मेला की तैयारियों, व्यवस्थाओं और समिति के पुनर्गठन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में समिति के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मनोज कुमार चौधरी को लगातार 19वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना। अध्यक्ष चुने जाने पर उन्होंने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान समिति के सभी सदस्यों के विश्वास और वर्षों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष भी रथ मेला पहले से अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक होगा।

समिति के पुनर्गठन में गोविंद साहू और भोला महंती को उपाध्यक्ष, छोटेलाल साहू को सचिव, रूपेश साहू को संस्कृति सचिव तथा सुशांत महापात्र को वेश सज्जाकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समिति के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करते हुए मौसीबाड़ी (गुंडिचा मंदिर) पहुंचेंगे। इसके बाद 17 जुलाई को सुबह 11 बजे से 15 दिवसीय ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला का शुभारंभ होगा।

मेला समिति ने बताया कि 21 जुलाई को तारणी व्रत के अवसर पर हजारों महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना करेंगी। धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए मेले के मुख्य मार्ग पर मांस एवं अंडे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

इस वर्ष मेले में बिजली झूला, नौका झूला, ब्रेक डांस, मिक्की माउस और जलपरी शो जैसे मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा मीना बाजार, बच्चों के झूले, चाट-भेलपुरी, विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल, प्रसाद के लिए खाजा-लड्डू की दुकानें तथा घरेलू और सजावटी सामानों की दुकानें भी लगेंगी। वहीं देव सभा में भगवान श्रीकृष्ण का विश्वरूप, अनंत शैया और समुद्र मंथन की भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

बैठक में वार्ड पार्षद गौतम नायक सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने रथ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने का संकल्प लिया।

Exit mobile version