


Dhanbad. धनबाद साइबर थाना की पुलिस ने सेक्सटॉर्शन, अश्लील ऐप और ऑनलाइन देह व्यापार के धंधा करने वाले तीन साइबर अपराधियों को बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भितिया पानी टंकी के निकट जीत महतो के मकान में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है. हजारीबाग जिला के थाना गौरहर शिलाडीह के रहने वाले सिकंदर यादव, चंदन यादव और विवेक साहू को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से 50 हजार रुपये नकद, 13 एटीएम कार्ड, नौ मोबाइल फोन व 14 सिम कार्ड बरामद किया है. उक्त जानकारी साइबर डीएसपी संजीव कुमार ने दी.
इस दौरान साइबर थाना प्रभारी अक्षय कुमार राम, इंस्पेक्टर उषा रानी, इंस्पेक्टर विश्वजीत ठाकुर के अलावा अन्य लोग मौजूद थे. डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना व प्रतिबिंब एप्प से मिली जानकारी के आधार पर एक छापेमारी टीम गठित की गयी. गुरुवार को रंजीत महतो के घर में दो माह से किराया पर रह रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया. यहां से प्रतिबिंब प्लॉटेड मोबाइल नंबर 9867337476 का फोन भी बरामद किया गया.
ऐसे बनाते थे ठगी का शिकार
ग्राहकों को लड़कियां मुहैया कराते थे साइबर अपराधी : डीएसपी ने बताया कि तीनों युवकों ने पूछताछ में जानकारी दी कि ये skokka.in समेत अन्य ऑनलाइन एडल्ट प्लेटफॉर्म पर मुंबई, हैदराबाद व कोलकाता में लड़कियों से देह व्यापार कराते हैं. ये लड़कियों की तस्वीर दिखाकर कई विज्ञापन भी पोस्ट करते थे.
ग्राहक से संपर्क करने के बाद उसे लड़की मुहैया करवाते थे. फिर उसी के माध्यम से सेक्सटॉर्शन कर लोगों को अपना शिकार बनाते थे. इनका संगठित गिरोह है. ये हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई के दलालों से संपर्क कर देह व्यापार करते हैं.



