
Mumbai. ईरान-इजरायल संघर्ष तेज होने से निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने और पिछले सत्र की तेज उछाल के बाद मंगलवार को मुनाफावसूली होने से स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट रही. सेंसेक्स 213 अंक और निफ्टी 93 अंक नुकसान में रहा. विश्लेशकों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और इस सप्ताह के अंत में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर आने वाले फैसले को लेकर भी निवेशकों ने इंतजार की रणनीति अपनानी बेहतर समझी. बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 212.85 अंक यानी 0.26 प्रतिशत गिरकर 81,583.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 369.14 अंक गिरकर 81,427.01 अंक पर आ गया था.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 93.10 अंक यानी 0.37 प्रतिशत गिरकर 24,853.40 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से सन फार्मा, इटर्नल (पूर्व में जोमैटो), टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और बजाज फिनसर्व में प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई. दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए.
