Site icon Lahar Chakra

Share Market: मुनाफावसूली से शेयर बाजार में गिरावट, Sensex 543 अंक लुढ़का, निफ्टी भी 158 अंकों के नुकसान में, लाभ में रहे Tata Motors व Tata Steel के शेयर

Mumbai. स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 543 अंक लुढ़क गया, जबकि एनएसई निफ्टी 158 अंक के नुकसान में रहा. मुख्य रूप से प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली और विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने से बाजार में गिरावट आई. सकारात्मक शुरुआत के बावजूद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स इस गति को बनाये नहीं रख सका और बाद में इसमें गिरावट आई. सेंसेक्स 542.47 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,184.17 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान, एक समय यह 679.42 अंक तक लुढ़क गया था.

बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2,410 शेयरों में गिरावट रही जबकि 1,645 शेयर बढ़त में रहे। वहीं 166 के भाव अपरिवर्तित रहे पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 157.80 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,062.10 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एनटीपीसी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं.

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में इटर्नल (पूर्व में जोमैटो), टाटा मोटर्स, सन फार्मा, टाटा स्टील और टाइटन शामिल हैं. इन्फोसिस के शेयर में एक प्रतिशत की गिरावट आई. जून तिमाही के वित्तीय परिणाम के बाद कंपनी के शेयर में मुनाफावसूली का सिलसिला चला. छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.50 प्रतिशत नीचे आया और मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप 0.43 प्रतिशत टूटा.

Exit mobile version