
Mumbai. इज़राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के मद्देनजर निवेशकों के सतर्क रुख के कारण सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई. हालांकि पिछले सत्र में इनमें भारी तेजी दर्ज की गई थी. विशेषज्ञों का कहना है कि इस सप्ताह के अंत में अमेरिकी फेडरल बैंक के ब्याज दर पर फैसला लेने से पहले निवेशक सतर्क हैं. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 127.02 अंक की गिरावट के साथ 81,669.13 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 55 अंक फिसलकर 24,891.50 अंक पर रहा.
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, टाइटन, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर नुकसान में रहे. कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और अदाणी पोर्ट्स के शेयर मुनाफे में रहे.
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाली में रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,539.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,780.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 677.55 अंक की बढ़त के साथ 81,796.15 अंक पर जबकि निफ्टी 227.90 अंक चढ़कर 24,946.50 अंक पर बंद हुआ था.
