Lahar Chakra

Jharkhand: रांची के सिल्ली थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार को रोकने के लिए पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो उतरे सड़क पर,4 हाइवा समेत दस बालू लदे ट्रक जब्त. झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सिर्फ ट्वीट एवं अखबार में बयानबाजी कर अवैध बालू कारोबार पर लगवा पाएंगे रोक!

Oplus_131072

 

Jharkhand: झारखंड की राजधानी रांची के सिल्ली थाना क्षेत्र में कल देर रात अवैध बालू खनन एवं परिवहन को लेकर हंगामा खड़ा हो गया.सूत्र बताते है कि स्थानीय लोगों ने कल रात लगभग 1 बजे 4 बालू लदे हाइवा और 6 टर्बो ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.अवैध बालू परिवहन में जब्त किए गए सभी वाहन सिल्ली थाना परिसर में रखे गए हैं और उनके चालकों से पूछताछ की जा रही है.

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के आदेश के बावजूद इलाके में बड़े पैमाने पर बालू का अवैध उठाव और कारोबार हो रहा है.यही नहीं, सिल्ली और सोनाहातु थाना क्षेत्र में इस धंधे को लेकर लगातार विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती है.

सिल्ली थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं परिवहन को रोकने के लिए स्थानीय विधायक अमित कुमार पूर्व में सक्रिय थे पर इन दिनों इस मामले से खुद को अलग कर लिए प्रतीत हो रहे हैं, जिसके कारण क्षेत्र में पुनः बालू का परिवहन धड़ल्ले से जारी है. विधायक अमित कुमार इस प्रकरण में क्यों खामोश है,यह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है .

राजधानी रांची स्थित सिल्ली और सोनाहातू के बालू घाटों से रोजाना बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से बालू खनन की शिकायतें सरकार तक पहुंच रही हैं.रांची के सिल्ली थाना क्षेत्र में बालू खनन एवं परिवहन के अवैध धंधे में लगा सिंडिकेट बगैर किसी भय के अपना काम कर रहा है. कयास लगाया जा रहा है कि इन्हें प्रशासनिक के साथ-साथ राजनीतिक संरक्षण भी मिल रहा है. यही वजह है कि कोई इनके विरुद्ध आवाज उठाने को तैयार नहीं है.

जिला प्रशासन एवं जिला खनन पदाधिकारी भी सिल्ली थाना के सामने से गुजरने वाले वाहनों पर न जाने क्यों करवाई से बचते रहे हैं,यह स्थानीय लोगों के लिए यक्ष प्रश्न है.वहीं दूसरी ओर खनन विभाग के मुताबिक अवैध खनन की शिकायतें मिलने पर कार्रवाई करने की बात बताई जा रही है,सूचना मिलने पर संबंधित पदाधिकारी अक्सर बालू घाटों का निरीक्षण कर कार्रवाई करते हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह आजसू प्रमुख सुदेश महतो के द्वारा अवैध बालू खनन एवं परिवहन को रोकने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतारना सराहनीय कदम है, वहीं दूसरी ओर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सिर्फ ट्वीट एवं अखबार में बयानबाजी कर अवैध बालू कारोबार पर रोक लगवाना चाहते हैं.

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी अवैध बालू माफियाओं के दबाव में सिर्फ बयान बाजी एवं ट्वीट तक सिमट कर रह गए हैं.

लोगों का कहना है कि झारखंड के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा का अपना जनाधार एवं कार्यकर्ताओं का फौज है, ऐसे में आजसू प्रमुख सुदेश महतो के तर्ज पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी अपने कार्यकर्ताओं को अवैध बालू खनन एवं परिवहन में जुटे वाहनों का धड़-पकड़ एवं रोकने के लिए सड़क पर उतार झारखंड में अवैध बालू खनन एवं परिवहन को रोकने का प्रयास कर सकते थे.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अनुसार रांची तथा सिल्ली में बालू का यह अवैध कारोबार किसी संजय और करण के नाम पर चल रहा है,जो जांच का विषय है.स्थानीय लोगों ने बताया कि बालू के इस अवैध कारोबार में लगा सिंडिकेट काफी प्रभावी है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड सरकार,जिला पुलिस प्रशासन जांच में जुट कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कर पाती है या नहीं यह पूरे झारखंड वासियों के बीच चर्चा का विषय है.

Exit mobile version