Site icon Lahar Chakra

Smartphone Export Hike: बीते वित्त वर्ष में भारत के स्मार्टफोन निर्यात ने पेट्रोलियम उत्पादों, हीरे को पीछे छोड़ा

New Delhi. पिछले तीन साल में अमेरिका को भारत का स्मार्टफोन निर्यात पांच गुना हो गया है. वहीं इस दौरान जापान को निर्यात चार गुना हो गया है. सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है.इस तरह आज स्मार्टफोन निर्यात ने देश से पेट्रोलियम उत्पादों और हीरे के निर्यात को पीछे छोड़ दिया है.

आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में स्मार्टफोन निर्यात 55 प्रतिशत के उछाल के साथ 24.14 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो 2023-24 में 15.57 अरब डॉलर और 2022-23 में 10.96 अरब डॉलर था. बीते वित्त वर्ष में अमेरिका, नीदरलैंड, इटली, जापान और चेक गणराज्य शीर्ष पांच देश रहे जहां स्मार्टफोन निर्यात में सबसे ऊंची वृद्धि दर्ज हुई है.

अकेले अमेरिका को 2024-25 में स्मार्टफोन का निर्यात 10.6 अरब डॉलर का हो गया. अमेरिका को स्मार्टफोन का निर्यात 2022-23 में 2.16 अरब डॉलर और 2023-24 में 5.57 अरब डॉलर रहा था. जापान को निर्यात में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. जापान को निर्यात 2022-23 के 12 करोड़ डॉलर से 2024-25 में 52 करोड़ डॉलर हो गया. वाणिज्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, इस तेज उछाल के साथ स्मार्टफोन भारत का सबसे ज्यादा निर्यात वाला उत्पाद बन गया है. इसने पहली बार पेट्रोलियम उत्पादों और हीरे को पीछे छोड़ दिया है.

अधिकारी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में इस क्षेत्र में भारी उछाल आया है, जिससे देश एक प्रमुख वैश्विक विनिर्माता और उपभोक्ता केंद्र में बदल गया है. उन्होंने कहा कि इस वृद्धि में उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना का खास योगदान रहा है. पीएलआई से जहां निवेश बढ़ा है वहीं स्थानीय उत्पादन को भी बढ़ावा मिला और भारत को वैश्विक मूल्य श्रृंखला से अधिक गहराई से जोड़ने में मदद मिली है.
आंकड़ों के अनुसार, नीदरलैंड को निर्यात 2022-23 के 1.07 अरब डॉलर से बढ़कर 2024-25 में 2.2 अरब डॉलर हो गया.
इसी तरह, इटली को निर्यात 72 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.26 अरब डॉलर पर पहुंच गया. चेक गणराज्य को भी निर्यात 65 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.17 अरब डॉलर हो गया.

Exit mobile version