
Ranchi. हाल में हुए घाटशिला उपचुनाव में विजयी झामुमो नेता सोमेश चंद्र सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने वरिष्ठ नेता स्टीफन मरांडी और अन्य की उपस्थिति में विधानसभा परिसर स्थित अपने कक्ष में सोमेश को पद की शपथ दिलाई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा, “घाटशिला से युवा नेता सोमेश चंद्र सोरेन को विधानसभा के माननीय सदस्य के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई और जोहार. सोमेश सोरेन 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे.
यह सीट उनके पिता और झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक रामदास सोरेन के 15 अगस्त को निधन होने के कारण खाली हुई थी. रामदास सोरेन तत्कालीन शिक्षा मंत्री भी थे. सोमेश सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे और भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को 38,601 मतों से हराया. 14 नवंबर को घोषित हुए उपचुनाव के परिणाम में भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन दूसरे स्थान पर रहे.
