Site icon Lahar Chakra

Stock Market crash: शेयर बाजार खुलते ही औंधे मुंह गिरा, सेंसेक्स 1300 अंक से अधिक टूटा, ये है गिरावट की बड़ी वजह

Mumbai. देर रात इजरायल ने ईरान के तेहरान पर कई बम गिराए.  इस हमले का असर अब दुनिया भर के शेयर बाजार पर दिखाई दे रहा है. भारतीय स्‍टॉक मार्केट भी प्रभावित हुआ है. इज़राइल के ईरान की राजधानी पर हमला करने के बाद ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच कमजोर एशियाई बाजारों के अनुरूप सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,337.39 अंक की गिरावट के साथ 80,354.59 अंक पर, जबकि एनएसई निफ्टी 415.2 अंक फिसलकर 24,473 अंक पर पहुंच गया. सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर में गिरावट दर्ज की गई. कोटक महिंद्रा बैंक, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और एशियन पेंट्स में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई.

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, शंघाई एसएसई कम्पोजिट, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे. अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे. अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 9.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75.83 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,831.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

विमान हादसे का असर एविएशन कंपनियों पर भी
एयर इंडिया के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे का असर एविएशन सेक्टर की कंपनियों पर भी दिखा. इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और स्पाइसजेट दोनों के शेयरों में शुरुआती कारोबार में लगभग 5 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली. गुरुवार को हुए इस हादसे में 242 में से करीब सभी लोगों की मौत हो गई, जो पिछले 10 सालों का सबसे बड़ा विमान हादसा बताया जा रहा है. इससे फ्लाइट सेफ्टी को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

Exit mobile version