
Mumbai. रेपो दर को स्थिर रखने और वृद्धि अनुमान बढ़ाने के रिजर्व बैंक के कदम से घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को काफी उत्साह रहा और यह आठ दिनों की लगातार गिरावट से उबरने में सफल रहा। सेंसेक्स 716 अंक उछल गया जबकि निफ्टी में 225 अंकों की तेजी रही. विश्लेषकों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की अनुकूल घोषणाओं के बाद बैंकों और वित्तीय शेयरों में हुई लिवाली ने बाजार को रफ्तार देने का काम किया.
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 715.69 अंक यानी 0.89 प्रतिशत उछलकर 80,983.31 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 800.81 अंक बढ़कर 81,068.43 अंक पर पहुंच गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 225.20 अंक यानी 0.92 प्रतिशत चढ़कर 24,836.30 अंक पर पहुंच गया.
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टाटा मोटर्स में सबसे ज़्यादा 5.54 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। उसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, सन फार्मा, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक का स्थान रहा. हालांकि, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट का रुझान रहा.
