Site icon Lahar Chakra

Stock Market: बैंक, आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से सेंसेक्स 625 अंक टूटा, निफ्टी में 175 अंक की गिरावट, टाटा मोटर्स भी नुकसान में रहा

Mumbai. शेयर बाजार में पिछले दो दिन से जारी तेजी पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 624.82 अंक टूट गया. वहीं एनएसई निफ्टी 175 अंक के नुकसान में रहा. बैंक, आईटी तथा वाहन शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 624.82 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,551.63 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान, सेंसेक्स एक समय 1,054.75 अंक तक लुढ़क गया था.

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 174.95 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,826.20 अंक पर बंद हुआ सूचकांक में कारोबार के पहले चरण में तेज घट-बढ़ हुई. लेकिन बाद में प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से यह नुकसान में रहा.
इससे पहले, पिछले दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 1.5 प्रतिशत चढ़े थे. विश्लेषकों ने कहा कि बुधवार को अप्रैल महीने के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े और शुक्रवार को मार्च तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ें जारी होने हैं. इन महत्वपूर्ण आंकड़ों से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया.

सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट में सबसे अधिक 2.21 प्रतिशत और आईटीसी में 2.01 प्रतिशत की गिरावट आई. इसके अलावा टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) के शेयर भी नुकसान में रहे. दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, नेस्ले और एशियन पेंट्स के शेयर लाभ में रहे।

Exit mobile version