
Ranchi.झारखंड भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 20वें दिन भी जारी है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन वापस लेने से इनकार कर दिया है।‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के बैनर तले अभ्यर्थी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे हैं। वे भर्ती परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता, कई परीक्षाओं को रद्द करने और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड के बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति से पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
झारखंड में मुख्य विपक्षी भाजपा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया है। सोरेन सरकार में सहयोगी कांग्रेस ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण करने की आलोचना की और दावा किया कि राज्य की विपक्षी पार्टी ने विरोध प्रदर्शनों में बाधा डालने के लिए बाहर से कार्यकर्ताओं को बुलाया है।
इस बीच, अनशन कर रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने रांची के सिविल सर्जन से विरोध स्थल पर लौटने की अनुमति मांगी।
महतो ने कहा कि उनकी ‘आत्मा’ छात्रों के आंदोलन के साथ ही है। अनशन कर रहे चार अन्य छात्रों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले, सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के छह दौर गतिरोध को खत्म करने में नाकाम रहे।
