New Delhi. टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 15.65 प्रतिशत बढ़कर 470.14 करोड़ रुपये हो गया। घरेलू कारोबार में बिक्री मात्रा बढ़ने से कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी हुई। टाटा समूह की एफएमसीजी कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि उसने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 406.51 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 14 प्रतिशत बढ़कर 5,661.13 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्तवर्ष की समान अवधि में 4,965.9 करोड़ रुपये था। इस दौरान कुल खर्च 13 प्रतिशत बढ़कर 5,067.42 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी के ब्रांडेड कारोबार का राजस्व 14.2 प्रतिशत बढ़कर 5,036.29 करोड़ रुपये रहा जबकि गैर-ब्रांडेड कारोबार का राजस्व 11.62 प्रतिशत बढ़कर 658.77 करोड़ रुपये हो गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार से कंपनी का राजस्व 6.4 प्रतिशत बढ़कर 1,370.16 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने कहा कि ऊंचे आधार प्रभाव के कारण इस खंड की वृद्धि दर कम रही। टीसीपीएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील डिसूजा ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की लगातार दूसरी तिमाही में कंपनी ने दहाई अंकों की राजस्व वृद्धि दर्ज की है। इसमें भारत के कारोबार में बिक्री मात्रा की मजबूत अंतर्निहित वृद्धि का योगदान रहा। अन्य आय सहित कंपनी की कुल एकीकृत आय सितंबर तिमाही में 13.9 प्रतिशत बढ़कर 5,699.7 करोड़ रुपये हो गई।

