
Mumbai. वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स ने शुक्रवार को कहा कि उसने अपने मालवाहक इलेक्ट्रिक ट्रक प्राइमा ई.55एस की आपूर्ति बिलियन-ई मोबिलिटी को शुरू कर दी है. कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसे 250 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक ट्रकों की आपूर्ति का भी ऑर्डर मिला है, जिन्हें चरणबद्ध ढंग से गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के प्रमुख मालढुलाई गलियारों में तैनात किया जाएगा.
इन ट्रकों का इस्तेमाल इस्पात, सीमेंट और अन्य औद्योगिक उत्पादों को लंबी दूरी तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा. पहले चरण में 30 ई-ट्रकों की आपूर्ति की गई. इस अवसर पर टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी गिरीश वाघ और बिलियन-ई मोबिलिटी एवं चार्जजोन के संस्थापक कार्तिकेय हरियाणी भी मौजूद थे. प्राइमा ई.55एस मॉडल टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक ट्रक शृंखला का हिस्सा है. यह ट्रक एक बार चार्ज करने पर करीब 350 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है. टाटा मोटर्स के ट्रक व्यवसाय प्रमुख राजेश कौल ने कहा, “बिलियन-ई मोबिलिटी के साथ साझेदारी से वाहन और उससे जुड़े परिवेश के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित हुआ है. इससे प्रमुख माल ढुलाई मार्गों पर भरोसेमंद इलेक्ट्रिक संचालन संभव हो सकेगा.” बिलियन-ई मोबिलिटी ने कहा कि उसका टाटा मोटर्स के साथ रणनीतिक साझेदारी के तहत अगले छह से 18 महीनों में चरणबद्ध ढंग से 1,500 इलेक्ट्रिक लॉजिस्टिक वाहनों की तैनाती का लक्ष्य है.
