
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते सेवानिवृत्त हो गये. उन्हें शनिवार को भव्य समारोह में विदाई दी गयी. यूनियन कार्यालय, टेल्को क्लब और फाउंड्री डिवीजन में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें विदाई दी गयी. यूनियन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महामंत्री आरके सिंह ने गुरमीत सिंह को शॉल, बुके, पगड़ी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर कमेटी मेंबर्स, ऑफिस बेयरर और आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य उपस्थित थे. महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि गुरमीत सिंह ने हमेशा समय की पाबंदी और अनुशासन को महत्व दिया. उनका समर्पण और कार्यशैली सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं.
सेवानिवृत्त होने पर टाटा मोटर्स प्रबंधन ने भी गुरमीत सिंह के कार्यकाल को सराहा. टेल्को क्लब में आयोजित विदाई समारोह में प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी, जैसे सीएचआरओ सीताराम कांडी, वीपी विशाल बादशाह, प्लांट हेड सुनील तिवारी, एचआर हेड प्रणव कुमार और ईआर हेड सौमिक राय समेत कई विभागीय प्रमुख मौजूद थे. सीएचआरओ सीताराम कांडी ने गुरमीत सिंह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यूनियन और प्रबंधन के बीच तालमेल बैठाकर कंपनी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
वीपी विशाल बादशाह ने कहा कि गुरमीत सिंह और आरके सिंह के नेतृत्व में टाटा मोटर्स ने कई उपलब्धियां हासिल कीं. विशेष रूप से सुरक्षा और जीडीसी मीटिंग्स में उनके द्वारा दिए गए सुझाव हमेशा याद रखे जाएंगे. संस्थापक दिवस और रक्तदान जैसे कार्यक्रमों में उनके योगदान को भी सराहा गया.
गुरमीत सिंह 2008 में कमेटी मेंबर बने और फिर 2016 में महामंत्री बने. बाद में उन्हें अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासन और समय के पाबंद रहने को दिया और यूनियन के पूरे टीम का आभार जताया. अध्यक्ष गुरमीत सिंह की विदाई में एक जुलूस का आयोजन किया गया, जिसमें ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनकी सेवा का सम्मान किया गया. खुली जीप में सवार होकर गुरमीत सिंह और उनके साथी महामंत्री आरके सिंह जुलूस के रूप में उनके आवास तक पहुंचे. इस दौरान बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और माहौल उत्सवपूर्ण हो गया.
