Jamahedpur. टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए गुरुवार को बड़ी खुशखबरी लेकर आया. बोनस को लेकर गुरुवार को समझौता हो गया. टाटा स्टील के बोर्ड रूम में कंपनी के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन और उप श्रम आयुक्त अरविंद कुमार की मौजूदगी में टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व ने त्रिपक्षीय बोनस समझौते पर हस्ताक्षर किए.
बोनस की राशि 11 सितंबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. इस साल कर्मचारियों को बोनस मद में कुल 315 करोड़ रुपये मिलेंगे. पिछले वर्ष 303.12 करोड़ रुपये बोनस के रूप में दिये गये थे. एमडी टीवी नरेंद्रन के साथ हुई वार्ता के बाद बोनस की राशि में बढ़ोतरी की गयी और अंततः 315 करोड़ रुपये पर समझौता हुआ.
इससे कर्मचारियों में उत्साह है. समझौते के तहत ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों को अधिकतम 4,52,512 रुपये तक बोनस मिलेगा. वहीं एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के लिए अधिकतम बोनस 1,28,448 रुपये निर्धारित किया गया है. एनएस ग्रेड में न्यूनतम बोनस 39,016 रुपये मिलेगा. बोनस की राशि कर्मचारियों के ग्रेड और निर्धारित मानकों के आधार पर तय होगी.
उत्पादकता में बढ़ोतरी से 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त
इस वर्ष बोनस समझौते में उत्पादकता का आंकड़ा भी कर्मचारियों के लिए खास रहा. टाटा स्टील में बोनस का निर्धारण मुनाफा, बिक्री, स्टील उत्पादकता और सुरक्षा जैसे मानकों को जोड़कर निर्धारित फार्मूले के आधार पर किया जाता है। पूर्व में अधिकतम 600 टन प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष उत्पादकता के आधार पर उत्पादकता मद में 90 करोड़ रुपये बोनस का प्रावधान था.
