


Jamshedpur. टाटा स्टील द्वारा बिजली दर में वृद्धि का दिए गए प्रस्ताव पर मंगलवार को जनसुनवाई हुई। जिसमें कई लोगों ने दर में वृद्धि का विरोध जताया तो कई लोगों ने समर्थन भी किया। कई लोगों ने यह भी बताया कि महीनों से पैसा लिया गया है लेकिन आज तक कनेक्शन नहीं मिला है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। हालांकि सभी शिकायतों का जवाब टाटा स्टील के सीनियर जनरल मैनेजर ने दिया और बताया कि दर में वृद्धि नियम अनुकूल किया जा रहा है।
इधर, टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (यूएसआइएल) ने अपनी बिजली की वर्तमान दर में 17 प्रतिशत बढ़ाेतरी का प्रस्ताव दिया है। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा सोमवार दोपहर आदित्यपुर आटो कलस्टर में जन सुनवाई हुई जिसमें आयोग के चेयरमैन नवनीत कुमार की अध्यक्षता व विधिक सदस्य महेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में सभी उपभोक्ताओं से बिजली दर में बढ़ोतरी पर सुझाव मांगा गया। कंपनी प्रबंधन ने अपने फिक्सड चार्ज पर न्यूनतम 10 व अधिकतम 115 रुपये जबकि एनर्जी चार्ज में न्यूनतम 60 पैसे से अधिकतम एक रुपये पांच पैसे बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है।
इसके अलावा कंपनी ने वैसे शहरी कामर्शियल उपभोक्ता जो पांच किलोवाट तक बिजली का उपभोग करते हैं उनके एनर्जी चार्ज में 25 पैसे प्रति यूनिट और रेलवे, इंजीनियरिंग व मिलिट्री स्टेशन के एनर्जी चार्ज पर पांच पैसे प्रति यूनिट घटाने का प्रस्ताव दिया है।



