


Jamshedpur.टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट जमशेदपुर ऑपरेशन चैतन्य भानू ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को फहराया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि टाटा स्टील का विजन पिछले एक शतक से भी अधिक समय से इसी लक्ष्य से जुड़ा रहा है। पिछला वित्तीय वर्ष उद्योग के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
चीन से रिकॉर्ड निर्यात के कारण कीमतों पर दबाव रहा। वहीं, अमेरिकी टैरिफ से यूरोपीय बाजारों में निर्यात प्रभावित हुआ। पश्चिम एशिया के संघर्ष से आपूर्ति श्रृंखला और इनपुट कॉस्ट में अनिश्चितता बढ़ी। इसका असर चालू वित्तीय वर्ष पर भी है। चैतन्य भानू ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं और चुनौतियों के बावजूद भारत में विकास की संभावनाएं अपार हैं। टाटा स्टील देश की इस विकास यात्रा में भागीदारी के लिए दीर्घकालिक निवेश कर रही है।
वीपी चैतन्य भानू ने कहा कि कंपनी की विस्तार योजनाओं पर काम चल रहा है. टाटा स्टील बोर्ड ने नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (एनआईंएनएल) में 34,000 करोड़ रूपये के अनुमानित निवेश से 4.8 मिलियन टन विस्तार को मंजूरी दी है, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन सेक्टर को मजबूती मिलेगी।
तकनीक और डाउनस्ट्रीम प्रोजेक्ट्स के जरिए जमशेदपुर में वर्ष 2028 तक 10,000 करोड़ रूपये का निवेश किया जाएगा। इससे लगभग 2,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे. श्री भानू ने कहा कि लुधियाना में 100 फीसदी स्क्रैप-आधारित स्क्रैप इएएफ की शुरुआत की गई है,।जबकि जमशेदपुर में टिनप्लेट विस्तार और कॉम्बी मिल जैसी परियोजनाएं गति पर हैं।

