



Jamshedpur. जमशेदपुर में यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के विरोध में टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। जमशेदपुर पश्चिम से जदयू विधायक सरयू राय की पहल पर आयोजित इस धरने में मारवाड़ी समाज सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की।

धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने बताया कि टाटानगर स्टेशन से गुजरने वाली अधिकांश यात्री ट्रेनें अक्सर देरी से चलती हैं। इससे यात्रियों को काफी असुविधा होती है, खासकर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और मरीजों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जैसे ही ट्रेनें चक्रधरपुर मंडल में प्रवेश करती हैं, उनकी गति धीमी हो जाती है और वे लेट होने लगती हैं। राय ने आरोप लगाया कि चक्रधरपुर मंडल में ट्रेनों के संचालन और प्रबंधन में गंभीर खामियां हैं, जिन्हें तत्काल सुधारने की आवश्यकता है।
स्थिति में सुधार नहीं, तो आंदोलन की चेतावनी
सरयू राय ने चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने अधिकारियों से यात्रियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होने और समयबद्ध ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



