


Jamshedpur.रेल मंत्री जी! टाटानगर स्टेशन में ‘रेलवे की प्रतिष्ठा सरेआम तार-तार हो रही है. जिम्मेदार मौन हैं. यहां पार्किंग कर्मचारियों की गुंडागर्दी के आगे यात्री बेबस और दहशत में हैं. एक बार फिर टाटानगर स्टेशन की पार्किंग एक बार फिर विवादों में है. शुक्रवार रात पार्किंग कर्मचारियों ने पटना जाने वाले यात्री को न सिर्फ हॉकी स्टिक से पीटकर घायल कर दिया, बल्कि टाटानगर रेल थाने में उसे जान से मारने की भी धमकी तक दे डाली इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं घायल यात्री की पहचान बिहार निवासी मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो काम की तलाश में जमशेदपुर आए थे घटना के वक्त वह साउथ बिहार एक्सप्रेस पकड़ने के लिए बर्मामाइंस स्थित सेकेंड एंट्री गेट पहुंचे थे.
उनके साथी ने जब मनीष को छोड़ कर जाने लगे तो पार्किंग शुल्क को लेकर उनकी बहस वहां तैनात पार्किंग कर्मचारियों से हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि कर्मचारियों ने उन पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल मनीष किसी तरह टाटानगर जीआरपी थाना पहुंचे. लेकिन मामला यहीं नहीं रुका. थोड़ी देर बाद पार्किंग से जुड़े आठ से 10 युवक थाने पहुंच गए और रेल पुलिस के सामने ही मनीष को बाहर भेजने और जान से मारने की धमकी दी.
रेल पुलिस ने शुरू की जांच, हॉकी स्टिक जब्त
इस पूरे घटनाक्रम में रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से एक हॉकी स्टिक को भी जब्त किया है. वहीं, घटना मे कौन कौन लोग शामिल है, सीसीटीवी फुटेज के आंधार पर जांच की जा रही है.



