


Patna/Varanasi : काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के रेड जोन में बिहार के पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. यह वीडियो मंदिर के उस प्रतिबंधित इलाके में बनाया गया है, जिसे रेड जोन कहा जाता है. रेड जोन में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह से निषिद्ध है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वायरल वीडियो में तेजप्रताप यादव मंदिर परिसर के भीतर नजर आ रहे हैं. मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने बताया कि यह मामला सामने आने के बाद इसे गंभीरता से लिया गया है.
उन्होंने बताया कि मंदिर प्रशासन, CRPF और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है. इस पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी और यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने कहा है कि वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि की जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को सख्ती से नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.



