
Manoharpur. पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में रविवार की देर रात जंगली हाथी ने एक युवक को पटक कर मार डाला. मृतक काडु जोजो (36) समठा गांव का था. बीती रात काडु अपनी पत्नी व बच्चे के साथ अपने घर में सोया हुआ था. इसी दौरान हाथी ने रात में घर पर हमला कर दिया. काडु जबतक कुछ समझ पाता, तबतक हाथी ने उसे अपनी सूंड़ से लपेट कर घर से खींचा और पटक-पटक कर मार डाला. घटना के समय काडु जोजो की पत्नी और बच्चे किसी तरह अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भागने में सफल रहे और उनकी जान बच गई.
घटना के बाद सोमवार सुबह जराइकेला पुलिस और जराइकेला वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया. वन विभाग ने मृतक के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. हाथी के हमले के बाद समठा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जंगल से भटककर गांव में घुसने वाले हाथियों से सुरक्षा की मांग की है.
