
Kathmandu. नेपाल में मानसून की बारिश की वजह से आई बाढ़ में हिमालयी देश को चीन से जोड़ने वाला मैत्री पुल मंगलवार को ध्वस्त हो गया, जिसके कारण कम से कम 20 लोग लापता हो गए. चीन में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण सोमवार रात नेपाल में भोटेकोशी नदी में बाढ़ आ गई. काठमांडू से 120 किलोमीटर उत्तर पूर्व में रसुवा जिले में स्थित मितेरी पुल सोमवार देर रात सवा तीन बजे बाढ़ में पानी के तेज बहाव की वजह से ध्वस्त हो गया. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छह चीनी नागरिकों सहित 20 लोग लापता हैं. ‘नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी’ (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम ने चार भारतीय नागरिकों तथा चीन के एक नागरिक समेत 55 लोगों को बचाया. प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने रसुवा जिले के कुछ हिस्सों सहित नेपाल-चीन सीमा के निकट बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. उनके साथ गृह मंत्री रमेश लेखक और वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल भी मौजूद रहे.
ओली ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार रसुवा में विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है.
