जमशेदपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने जताई चिंता, एसएसपी से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की, जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
● अपराध नियंत्रण, पुलिस गश्ती, नशा एवं अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर कार्रवाई समेत यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की उठाई मांग
जमशेदपुर। शहर में हाल के दिनों में सामने आई बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी, छिनतई तथा अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने गंभीर चिंता जताई है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब से उनके कार्यालय में मुलाकात कर कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद डकैती और मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के समीप हुई फायरिंग की घटनाओं का उल्लेख करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने गोलमुरी में बैंक डकैती के बाद कुछ दूरी पर स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी सहित शहर के विभिन्न इलाकों में चोरी एवं छिनतई की घटनाओं का भी उल्लेख किया। गोलमुरी बाजार में बैंक डकैती के अगले दिन ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना की भी रिपोर्ट सामने आई है।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर भी प्रभावी कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई के बजाय इन गतिविधियों के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क, आपूर्ति तंत्र और प्रमुख संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। इसके साथ ही महिलाओं के साथ चेन एवं पर्स छिनतई, मोबाइल छिनतई तथा घरों और क्वार्टरों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई।
इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि कानून-व्यवस्था किसी भी शहर की पहली प्राथमिकता होती है। हाल की घटनाओं ने आम नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है। हमारा आग्रह है कि अपराधियों के मन में कानून का भय और आम लोगों के मन में सुरक्षा का विश्वास दोनों समान रूप से मजबूत हों। बैंक डकैती, फायरिंग, चोरी, छिनतई, नशे और अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर पुलिस प्रभावी कार्रवाई करे और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए।
जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी है। कानून एवं यातायात नियमों का पालन कराना पुलिस का दायित्व है, लेकिन इस दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों के साथ संयमित, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार भी सुनिश्चित होना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने बाजार क्षेत्रों में पुलिस कार्रवाई के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई और प्रशासन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान संवेदनशील एवं संयमित रवैया अपनाने का आग्रह किया।
*यातायात व्यवस्था पर भी उठे सवाल*
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शहर की यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा की। संजीव सिन्हा ने कहा कि शहर के कई मार्गों पर वाहनों की तेज रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकरों को पुनः व्यवस्थित एवं बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने विभिन्न सड़कों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों, नो-एंट्री के बावजूद तेज गति से चलने वाले बड़े वाहनों तथा यातायात पुलिस द्वारा आम लोगों के साथ किए जाने वाले व्यवहार की ओर भी एसएसपी का ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर CCTV व्यवस्था की समीक्षा, खराब कैमरों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार निगरानी बढ़ाने की मांग की। साथ ही व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर स्थानीय सुरक्षा संबंधी समस्याओं का समाधान करने पर भी जोर दिया।
*भाजपा की प्रमुख मांगें*
प्रतिनिधिमंडल ने केनरा बैंक डकैती, बिंदल मॉल फायरिंग तथा अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई एवं अपराधियों की गिरफ्तारी, मानगो, गोलमुरी, सिदगोड़ा, साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई सहित प्रमुख बाजारों में शाम से देर रात तक पुलिस गश्ती बढ़ाने, CCTV निगरानी मजबूत करने, नशे एवं अवैध लॉटरी के नेटवर्क पर कार्रवाई करने और नागरिकों और व्यापारियों के लिए त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की। इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को सुचारु करने, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था, सड़कों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई एवं स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित सुरक्षा समन्वय की मांग रखी।
*एसएसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा*
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल की बातों और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कानून-व्यवस्था के मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है और हाल की घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान जमशेदपुर पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि सह पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, जिला पदाधिकारी बबुआ सिंह, रूबी झा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, मुचीराम बाउरी, रीना चौधरी, तन्मय झा, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, बिनोद सिंह, नीतीश कुशवाहा, सागर राय,अमित सिंह, किशोर ओझा, राकेश दुबे समेत मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, प्रशांत पोद्दार, उपेंद्र गिरी, मारुति नंदन पांडेय, पप्पू उपाध्याय, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी, विकास शर्मा, युवराज सिंह, अमित मिश्रा, आनंद शर्मा, शशांक शेखर, चिंटू सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
