


झारखंड के उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) की धमकी के बाद पुलिस ने उसके (TSPC के) प्लाटून कमांडर सह जोनल कमांडर रवींद्र गंझू उर्फ आक्रमण गंझू उर्फ आक्रमण की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है. चतरा के एसपी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टीएसपीसी के सेकेंड लाइन के कमांडर आक्रमण गंझू, उसकी पत्नी नीलम देवी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एसपी ने कहा है कि इनके पास से कई हथियार बरामद हुए हैं. चतरा, पलामू, लातेहार और हजारीबाग जिले के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ 75 केस दर्ज हैं. एसपी ने कहा है कि 15 लाख के इनामी टीएसपीसी उग्रवादी समेत 4 लोगों की 1 मार्च 2025 को हंटरगंज थाना क्षेत्र के पतसुगिया पुल के पास से गिरफ्तारी हुई है. सभी एक कार में पलामू की ओर जा रहे थे. पुलिस को इनसे पूछताछ में कई अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है.
पुलिस ने भले आज आक्रमण की गिरफ्तारी की पुष्टि की हो, उसकी मां और 2 भाईयों ने 24 फरवरी 2025 को ही दावा किया था कि आक्रमण गंझू को उसकी पत्नी और 2 ड्राइवर के साथ पुलिस ने उठा लिया है. मीडियाकर्मियों को फोन करके परिजनों ने यह जानकारी दी. आक्रमण की मां और दो भाइयों ने आशंका जतायी थी कि पुलिस उन चारों का एनकाउंटर कर सकती है.
पुलिस ने आक्रमण की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की, तो टीएसपीसी ने परचा जारी कर पुलिस को अल्टीमेटम दे दिया. टीएसपीसी के उग्रवादियों ने चेतावनी दी कि आक्रमण गंझू समेत 4 लोगों को अगर 24 घंटे में कोर्ट में पेश नहीं किया गया, तो पुलिस-प्रशासन को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है. टीएसपीसी के रीजनल कमांडर मंजीत ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया था कि आक्रमण समेत 4 लोगों को पुलिस कस्टडी में टॉर्चर किया गया जा रहा है.



