


रांची. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के तहत स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा छह से आठ) अंतर्गत गणित एवं विज्ञान विषय में जारी परिणाम में त्रुटियां सामने आई हैं.
आयोग ने यह त्रुटियां सामने आने के बाद परिणाम में संशोधन किया है. संशोधित परिणाम में एक दर्जन जिलों में पारा शिक्षक श्रेणी में एक से चार अतिरिक्त अभ्यर्थियों को भी सफल घोषित किया है.
इनमें चतरा, देवघर, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गोड्डा, हजारीबाग, जामताड़ा, कोडरमा, पाकुड़, रामगढ़ तथा रांची सम्मिलित हैं. आयोग ने पूर्व में सफल घोषित तीन अभ्यर्थियों के परिणाम लंबित रखा है.
उनके परिणाम में भी त्रुटियां सामने आई थीं. बताते चलें कि आयोग ने इस परीक्षा का परिणाम 18 जुलाई को जारी किया था. आयोग ने यह भी कहा है कि परिणाम विभिन्न याचिकाओं में कोर्ट के आनेवाले आदेश से प्रभावित होगा. साथ ही आयोग को परिणाम में संशोधन का अधिकार होगा.



