Site icon Lahar Chakra

रांची, धनबाद सहित 14 जिलों में आज होगी भारी बारिश, IMD का अलर्ट जारी, जाने क्या होंगे इलाके

रांची. राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में अचानक हुई तेज वर्षा ने मौसम को खुशगवार बना दिया है. पूरे राज्य में मानसून की स्थिति सक्रिय बनी हुई है. इस कारण अधिकांश हिस्सों में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान की बात करें तो 1 अगस्त को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा के साथ साथ निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के कई हिस्सों में भारी वर्षा होने की संभावना है.

अभी बारिश से नहीं मिलेगी राहत

इसके साथ ही इन जिलों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में यह स्थिति 4 अगस्त तक बनी रहेगी. वहीं, राजधानी में गुरुवार देर शाम हुई तेज वर्षा ने तापमान गिरा दिया है. शहर के अधिकांश हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. विशेषकर निचले क्षेत्रों में तो दो पहिया वाहन चालकों के लिए यह वर्षापात किसी आफत से कम नहीं है.

बता दें कि 1 जून से 31 जुलाई तक पूरे राज्य में सामान्य वर्षापात 508.2 मिमी की तुलना में अब तक 760.7 मिमी वर्षापात हो चुका है जो कि लगभग 50 प्रतिशत अधिक बताया जा रहा है.

बारिश ने तोड़ा 13 वर्षों का रिकॉर्ड

वहीं, रांची की बात करें तो सामान्य वर्षापात 521.7 मिमी की तुलना में अब तक 974.9 मिमी वर्षा हो चुकी है जो कि सामान्य से 87 प्रतिशत अधिक है. लगातार हो रही वर्षा ने पिछले 13 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. कई जगहों पर पुल पुलिया ध्वस्त हो गए तो खेत खलिहान जलमग्न हैं और सड़कों पर भी जलजमाव से आमजन परेशान हैं.

ऐसा रहा पिछले 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून सक्रिय रहा. राज्य में कई स्थानों पर हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई जबकि, कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई. सबसे अधिक वर्षा 140 मिमी धनबाद के पुटकी में रिकॉर्ड की गई.

Exit mobile version