Site icon Lahar Chakra

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में राजा राम समेत परकोटे में विराजमान देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा आज, सीएम योगी आदित्यनाथ होंगे शामिल

Ayodhya. उत्तर प्रदेश के आयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि परिसर में पांच जून यानी बृहस्पतिवार को राजा राम और परकोटे में विराजमान अन्य देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे.संयोग से, इस दिन मुख्यमंत्री का‌ 53वां जन्मदिन भी है और वह इस अवसर पर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेंगे.

एक बयान के मुताबिक प्राण प्रतिष्ठा समारोह पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा और विशेष पूजा-अर्चना, हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव विग्रहों की स्थापना होगी.अयोध्या के संतों-महंतों का कहना है कि यह आयोजन ऐतिहासिक होगा. संत समुदाय का कहना है,‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या के विकास के माध्यम से रामनगरी का खोया हुआ गौरव वापस लौटाया है.

पिछले आठ वर्षों में अयोध्या में 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं ने शहर को वैश्विक स्तर पर नयी पहचान दी है.
इसने कहा कि सड़क, रेल, हवाई अड्डा, सौंदर्यीकरण और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं ने अयोध्या को दुनिया के मानचित्र पर चमकदार बनाया है.रामकथा पार्क, सरयू तट का सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं से युक्त मंदिर परिसर इसकी बानगी हैं.

मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर अयोध्या में उत्साह का माहौल है. संत-महंतों ने योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अयोध्या आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में उभरी है. सरयू त्रयोदशी जन्मोत्सव के अवसर पर नदी तट पर विशेष आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं. देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने अयोध्या पहुंचने लगे हैं.

Exit mobile version