
Jamshedpur.चक्रधरपुर रेल मंडल में 21 मई से हर बुधवार व शनिवार को मेगा ब्लॉक लिया जायेगा. इस वजह से रेलवे ने छह जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों को इस दौरान रद्द करने का फैसला लिया है. दरअसल, हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर गम्हरिया-सीनी (अप व डाउन) लाइन पर पुरानी पटरियों को नये से बदला जायेगा. 21 मई से 28 जून तक हर बुधवार व शनिवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के गम्हरिया-सीनी-गम्हरिया (अप व डाउन) रेल लाइन में साढ़े पांच घंटे का मेगा ब्लॉक रहेगा.
गम्हरिया-सीनी अप लाइन में हर बुधवार को और सीनी-गम्हरिया डाउन में हर शनिवार को टीआरटी ब्लॉक लिया जायेगा. इसे लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल की 6 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी. वहीं हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस टाटानगर में यात्रा समाप्त करेगी और टाटानगर से खुलेगी. इससे यह ट्रेन टाटानगर से टिटलागढ़ के बीच नहीं चलेगी. जबकि कांटाबांझी-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस ट्रेन राउरकेला में यात्रा समाप्त करेगी और राउरकेला से खुलेगी. यह ट्रेन राउरकेला से हावड़ा के बीच नहीं चलेगी. दपू रेलवे के उपमुख्य परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) श्रीनिवास सामंत ने रेल मंडल को स्वीकृति दी है.
