Site icon Lahar Chakra

इंदौर-दौंड एक्सप्रेस में ₹35.45 लाख की ट्रेन चोरी 48 घंटे में सुलझी, आरोपी गिरफ्तार

रेल खबऱ।
ट्रेन में यात्रा के दौरान एक वृद्धा के बैग से लाखों के हीरे-जेवर और नकदी चोरी का मामला सामने आया जिसे महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) की संयुक्त कार्रवाई से ₹35.45 लाख मूल्य के आभूषण और नकदी बरामद कर लिए गए हैं।

घटना 20 जून 2025 को ट्रेन संख्या 22944 इंदौर-दौंड एक्सप्रेस के A-2 कोच में हुई, जब इंदौर निवासी 73 वर्षीय महिला अपने पति के साथ लोनावला जा रही थीं। वे धार्मिक भागवत कथा में भाग लेने निकले थे। रात में सोते वक्त महिला ने कीमती बैग को अपने पास रखा था, लेकिन सुबह उठते ही बैग गायब मिला। बैग में हीरे की चूड़ी, हार, अंगूठियां, सोने की घड़ी, चेन और ₹50,000 नकद मौजूद थे।

READ MORE :Tatanagar: कल से 29 जून तक टाटानगर से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द, कई बदले मार्ग से चलेंगी, जानें रेलवे ने क्या कहा

घटना की जानकारी मिलने पर महिला ने भारतीय रेलवे हेल्पलाइन 139 पर तुरंत कॉल किया। लोनावला पहुंचने पर GRP ने एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की गई। ट्रेन के पूरे मार्ग के सभी स्टेशनों – इंदौर से दौंड तक – के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान कल्याण स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति को कैमरे में देखा गया, जो ट्रेन से उतरने के बाद स्टेशन से बाहर निकलने से बचता दिखा।

जांच में सामने आया कि वह व्यक्ति महेश अरुण घाग उर्फ विक्की, मुंबई के चेंबूर इलाके का निवासी है और एक आदतन अपराधी है, जो हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर छापेमारी कर चोरी के सभी कीमती सामान बरामद किए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

READ MORE :JAMSHEDPUR :अब आनंद विहार से चलेगी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस

रेलवे व महाराष्ट्र पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है। पीड़िता को सारा सामान सौंप दिया गया और उन्होंने पुलिस का धन्यवाद किया। यह घटना यात्रियों को यह भी सिखाती है कि यात्रा के दौरान सावधानी बरतना अत्यंत जरूरी है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान की सुरक्षा खुद सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 139 या नजदीकी रेलवे स्टाफ को दें।

Exit mobile version