


New Delhi. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शुक्रवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है। आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों – प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार – में आयोजित की जाती है।
आयोग ने एक बयान में कहा कि 348 अनुशंसित प्रतिभागियों की उम्मीदवारी को अस्थायी रखा गया है। केंद्र सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भरी जाने वाली 1,087 रिक्तियों की घोषणा की थी। यूपीएससी के परिसर में परीक्षा हॉल के पास एक “सुविधा काउंटर” बनाया गया है।
अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच व्यक्तिगत रूप से या टेलीफोन के माध्यम से अपनी परीक्षाओं/भर्ती के संबंध में कोई भी जानकारी/स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं। बयान में कहा गया है, “परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर वेबसाइट पर अंक उपलब्ध होंगे।”
कमीशन की तरफ से जारी की गई मेरिट के हिसाब से टॉप 10 उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट कुछ इस तरह है:
1. अनुज अग्निहोत्री (रोल नंबर: 1131589)
2. राजेश्वरी सुवे एम (रोल नंबर: 4000040)
3. अकांश ढुल (रोल नंबर: 3512521)
4. राघव झुनझुनवाला (रोल नंबर: 0834732)
5. ईशान भटनागर (रोल नंबर: 0409847)
6. जिनिया अरोड़ा (रोल नंबर: 6410067)
7. एआर राजा मोहिदीन (रोल नंबर: 0818306)
8. पक्शल सेक्रेटरी (रोल नंबर: 0843487)
9. आस्था जैन (रोल नंबर: 0831647)
10. उज्जवल प्रियंक (रोल नंबर: 1523945)
पूरे देश की निगाहें हर साल इस बात पर टिकी होती हैं कि आखिर टॉप 10 की लिस्ट में किसने अपना नाम दर्ज कराया है। इस साल सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने पूरे देश में पहला मुकाम (रैंक 1) हासिल करके एक नई मिसाल कायम की है । उनकी इस शानदार कामयाबी ने उनके परिवार और चाहने वालों का सीना फक्र से चौड़ा कर दिया है।
दूसरे नंबर पर राजेश्वरी सुवे एम
अनुज के ठीक पीछे दूसरे नंबर पर राजेश्वरी सुवे एम ने अपनी जगह पक्की की है, जबकि अकांश ढुल ने तीसरे पायदान पर कब्जा जमाया है । इन सभी टॉपर्स की मेहनत और लगन हर उस नौजवान के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा है, जो सिविल सर्विसेज में जाने का ख्वाब देखता है।



