
Jamshedpur. झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। मंगलवार देर रात शुरू हुई बारिश का असर गुरुवार सुबह तक जारी रहा। जमशेदपुर, रांची, बोकारो, लातेहार, सरायकेला समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
मौसम में आई ठंडक से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और सुबह-शाम का मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अभी बना हुआ है। गुरुवार को रांची, खूंटी, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत 14 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम का यही रुख बना रहने की संभावना है।
