Site icon Lahar Chakra

Weather Alert: मौसम बदला, बारिश के साथ गिरे ओले, तापमान में भारी गिरावट, 4.2 डिग्री तक लुढ़का पारा, अलर्ट, अगले तीन दिन रहें सावधान  

Jamshedpur. जमशेदपुर में बुधवार को तेज हवा के साथ बारिश ने मौसम के मिजाज को बदल दिया। ठंडी चलने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि आगामी दिनों में भी मौसम के खुशनुमा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम के इस मिजाज ने तापमान पर बड़ा असर डाला है। मंगलवार का तापमान: 41.7°C। बुधवार का तापमान: 37.5°C। गिरावट: महज 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले एक सप्ताह तक पारा 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा, जिससे लू से फिलहाल राहत मिलेगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। गुरुवार को भारी बारिश और तेज आंधी की आशंका को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।1 से 3 मई यानी अगले तीन दिनों तक ‘येलो अलर्ट’ रहेगा, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है।

बारिश और ओलावृष्टि से राहत
भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे जमशेदपुर को जहां बारिश और ओलावृष्टि ने बड़ी राहत दी, वहीं तेज आंधी ने शहरी व्यवस्था को घंटों तक अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम के इस अचानक आए बदलाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। बुधवार की सुबह तेज गर्जन के साथ झमाझम बारिश से हुई, लेकिन दोपहर होते-होते फिर से चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। असली बदलाव शाम के वक्त दिखा, जब अचानक पूरे शहर में काला अंधेरा छा गया। शाम 4 बजे ही दृश्यता इतनी कम हो गई कि सड़कों पर दौड़ते वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। तेज हवाओं के साथ हुई ओलावृष्टि ने सबको हैरान कर दिया। गिरे हुए ओलों का वजन करीब 10 ग्राम तक दर्ज किया गया।

करीब ढाई घंटे तक रुक-रुक कर हुई बारिश और तेज आंधी ने शहर में कई जगहों पर नुकसान पहुंचाया।  प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वे बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे शरण न लें। तेज आंधी के समय घरों के अंदर रहें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सावधानी से उपयोग करें। बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम का खतरा भी बढ़ सकता है, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहें।

Exit mobile version