Ranchi. झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ने लगी है। गुमला और लातेहार में न्यूनतम तापमान गिरकर 13.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इस बार पिछले साल के मुकाबले करीब 15 दिन पहले ही पारा गिरने लगा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 से 30 अक्टूबर के बीच रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं, 25 अक्टूबर तक सुबह में धुंध और कुहासा छाने की संभावना है। दिन में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। मौसम में बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों को माना जा रहा है। राज्य में इस बार पिछले साल की तुलना में करीब 15 दिन पहले तापमान में गिरावट का असर दिखने लगा है। पिछले साल 15 नवंबर को गुमला का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि इस बार गुमला और लातेहार में पारा 13.7 डिग्री तक पहुंच गया है।

आसमान साफ रहने से बढ़ रही ठंड
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद आसमान साफ रहने से न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। दिन में सूर्य की गर्मी से धरती की सतह गर्म होती है, लेकिन रात में यह गर्मी तेजी से बाहर निकल जाती है। इसके कारण रात के तापमान में कमी आती है। दूसरी ओर, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर भी मौसम पर पड़ रहा है। इन परिस्थितियों के कारण झारखंड में ठंड का शुरुआती प्रभाव दिखाई देने लगा है।

