


Jamshedpur. जमशेदपुर समेत कोल्हान के कई हिस्सों में बारिश से भारी तबाही मची है. सरायकेला-खरसावां जिले में एक मकान ढहने से एक महिला और उसके सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि राजनगर प्रखंड के दांडू गांव में हुई इस घटना में आठ लोग घायल भी हो गए. राजनगर के बीडीओ मलय दास ने बताया, जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई वहीं संतोष लोहार नामक व्यक्ति का कच्चा मकान गिरने से आठ अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि जिले में एक अन्य घटना में, शनिवार सुबह एक घर की दीवार गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. उसने बताया कि यह घटना खरसावां थाना क्षेत्र के कोल शिमला में हुई.
अगले 48 घंटे भारी बारिश
अगले 48 घंटे काफी भारी होने वाला है. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में तेज गर्जन-तड़क के साथ भारी बारिश हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है. इस दौरान बिजली गिरने और वज्रपात की घटनाओं का भी खतरा है.
जमशेदपुर की दोनों नदियां उफान पर
इधर भारी बारिश से जमशेदपुर की दोनों नदियां उफान पर हैं. स्वर्णरेखा (122.06m) और खरकई (131.60m) नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है. जमशेदपुर डीसी ने तटीय एवं डूब क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने, ऊँचे स्थानों पर रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कृपया नदी के पास न जाएं, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें.



