


Jamshedpur. कोल्हान समेत पूरे झारखंड में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है. खासकर सुबह और शाम में कनकनी महसूस की जा रही है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सुबह में कोहरा और धुंध छाये रहेंगे, जबकि दिन में मौसम शुष्क रहेगा. रविवार से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है. साथ ही ठंडी हवा भी चल सकती है. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 15 नवंबर से ठंड का प्रकोप और तेज हो सकता है. सबसे अधिक गिरावट चाईबासा में दर्ज की गयी,
जहां तापमान तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गया. वहीं मेदिनीनगर और बोकारो में 2.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी. रांची का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा. मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य में शनिवार को सबसे कम तापमान गुमला का रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.



