


Ranchi. दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून फ़िलहाल झारखंड में पूरी तरह से सक्रिय बना हुआ है. यही वजह है कि पूरे राज्य भर में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की जा रही है. पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक बारिश हजारीबाग जिले के हेंदेगीर में 79 मिमी रिकॉर्ड की गई. झारखंड के सभी जिलों में एक जुलाई तक बारिश होने की संभावना है. वहीं 29 जून को राज्य के उत्तरी-मध्य और इसके निकटवर्ती हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है. यह जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी है.
अब तक सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड
अब तक सामान्य से अधिक मानसून की बारिश दर्ज की गई है। राज्य में अब तक सामान्य से औसत 92 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है. यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी है. मौसम विभग के आंकड़ों के अनुसार एक जून से 25 जून तक झारखंड में 139.9 मिमी के मुकाबले 268.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. राज्य में सबसे अधिक बारिश राजधानी रांची में दर्ज की गई है. यहां सामान्य से 231 मिनी बारिश रिकार्ड की गई है, जबकि सबसे कम बारिश राज्य में देवघर जिले में हुई है. यहां पर सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.
रांची में 146.4 के मुकाबले 484.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है. वहीं देवघर में 136.8 मिमी की तुलना में 117.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. झारखंड के जिन जिलों में अब तक अच्छी बारिश दर्ज की गई है उनमें लातेहार में 130 के मुकाबले 422.6 मिमी, लोहरदगा में 146.2 की तुलना में 388.2, रामगढ़ में 147.2 के मुकाबले 357.4, सरायकेला-खरसावां में 157.9 की तुलना में 400 मिमी, खूंटी में 150.9 मिमी की तुलना में 287.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.



