


Ranchi. कोल्हान समेत झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 12 जिलों गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम के लिए लू की चेतावनी जारी की है. विभाग ने इन जिलों में येलो अलर्ट घोषित करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. इसी बीच, जमशेदपुर में मंगलवार को सबसे अधिक 25 मिमी बारिश हुई, जिससे तापमान में थोड़ी राहत महसूस की गई.
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड में 15 मई की दोपहर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जो 18 मई तक जारी रहेगा. इस दौरान आंशिक बादल, धूल भरी हवाएं या हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है.गर्मी और लू से बचाव के लिए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, हल्के व सूती कपड़े पहनने और भरपूर पानी पीने की सलाह दी है.



