

Jamshedpur. प्रमुख प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई ने मंगलवार को बताया कि उसने अपने 2024-26 बैच के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस वर्ष संस्थान में अधिकतम सालाना पैकेज 1.1 करोड़ रुपये रहा। संस्थान द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, एक्सएलआरआई के जमशेदपुर और दिल्ली-एनसीआर परिसरों के छात्रों को 145 कंपनियों द्वारा कुल 576 घरेलू और दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रस्ताव दिए गए। दोनों परिसरों के छात्रों को दिया गया औसत वेतन 31.40 लाख रुपये सालाना रहा। संस्थान ने बताया कि उच्चतम अंतरराष्ट्रीय प्रस्ताव 1.10 करोड़ रुपये रहा, जबकि उच्चतम घरेलू प्रस्ताव 59 लाख रुपये का था। बयान के मुताबिक, प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडीएम -बीएम) और पीजीडीएम (एचआरएम) कार्यक्रमों के 576 छात्रों के बैच का औसत वेतन 29 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा।
नौकरियों के लिए जिन क्षेत्रों का दबदबा रहा, उनमें परामर्श, बीएफएसआई (बैंक, वित्तीय सेवाएं और बीमा) और बिक्री एवं विपणन प्रमुख हैं। एक्सएलआरआई के निदेशक फादर एस जॉर्ज ने कहा, “आज के चुनौतीपूर्ण बाजार के बावजूद यह प्लेसमेंट सत्र निस्संदेह सफल रहा है।” भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में एक्सेंचर स्ट्रैटेजी, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, डेलॉयट, ईवाई पार्थेनन, अमेजन, एटरनल, फ्लिपकार्ट और गूगल शामिल रहीं।




