

Saraikela.राजनगर से सरायकेला तक करीब 15 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से सड़क को 80 से 100 टन क्षमता वाले भारी वाहनों के अनुकूल बनाया जाएगा। सड़क का डीपीआर तैयार हो चुका है और संभवतः एक सप्ताह के भीतर टेंडर जारी कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (साज) की देखरेख में होगा।यह जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन के प्रतिनिधि सनद आचार्य (टुलु) ने दी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में बाईपास सड़क का निर्माण 40 टन क्षमता के आधार पर किया गया था। बाद में 80 से 100 टन क्षमता वाले भारी वाहनों के परिचालन से सड़क जल्द जर्जर हो गई।उन्होंने बताया कि सड़क के पुनर्निर्माण तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। चंपाई सोरेन ने सड़क की क्षमता बढ़ाने के लिए साज के सचिव को सड़क की स्थिति और भारी वाहनों के परिचालन का वीडियो भेजा था। इसके बाद पुनर्निर्माण के लिए डीपीआर तैयार किया गया।

