


Jamshedpur. टाटा कमिंस के कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। लंबे समय से प्रतीक्षित वेतन समझौते (वेज रिवीजन) पर कंपनी प्रबंधन और यूनियन ने अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। इस नए चार वर्षीय करार के तहत कर्मचारियों के कुल वेतन में 20,100 रुपये का शानदार इजाफा होगा। यह समझौता 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी माना जाएगा, जिसके तहत कर्मियों को 5 महीने का बकाया एरियर भी मिलेगा। बढ़े हुए वेतन का भुगतान इसी अगस्त माह से शुरू कर दिया जाएगा। समझौते के तहत ₹20,100 की कुल वृद्धि को चार वर्षों में एक तय फार्मूले के आधार पर दिया जाएगा।
समझौते का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू कैंटीन सेवा को वैकल्पिक बनाना है। जो कर्मचारी कैंटीन भोजन का उपयोग नहीं करना चाहते, वे फॉर्म भरकर प्रतिमाह लगभग ₹3,000 (₹2,500 नकद व टैक्स मद) का सीधा आर्थिक लाभ ले सकते हैं। रात्रि पाली में काम करने वालों को पूर्ववत चाय-नाश्ता मिलता रहेगा। यदि कोई कर्मचारी कभी-कभार कैंटीन में खाना चाहे, तो वह यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर भोजन कर सकेगा।

