


tata steel uisl union election : टाटा स्टील यूटिलिटी एंड सर्विसेस श्रमिक यूनियन (जुस्को श्रमिक यूनियन) के आगामी 10 जून को होने वाले चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया में दो कमेटी मेंबर प्रत्याशी ने चुनाव क्षेत्र संख्या-5 से हृदय कुमार घोष और क्षेत्र संख्या-10 से राकेश बहादुर ने अपने नाम वापस ले लिया. इससे इन दोनों क्षेत्रों में अब दो-दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा. नामांकन वापसी के बाद कमेटी मेंबरों की 17 सीटों के लिए कुल 40 प्रत्याशी मैदान में हैं.
हालांकि तीन प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, इसलिए अब 14 सीटों पर मतदान होगा. वहीं, पदाधिकारियों के 10 पदों के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया है, जिससे 31 प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर तय मानी जा रही है.
बुधवार को नाम वापसी की समय सीमा सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक तय की गयी थी. प्रत्याशियों की अंतिम सूची रात 7 बजे प्रकाशित कर दी गयी. अब 6 जून को सुबह 11:30 बजे से शाम 4 बजे तक सभी प्रत्याशियों को मतपत्र के नमूने वितरित किये जायेंगे. इससे पहले मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की गयी थी. कुल 32 नामांकन पत्र जांचे गये, जिनमें से एक नामांकन रद्द किया गया. कोषाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार तूफान कुमार मिश्रा का नामांकन इस आधार पर खारिज किया गया कि यूनियन की सदस्यता की तीन साल की न्यूनतम अवधि पूरी नहीं हुई थी. अब इस पद के लिए नेहा उपाध्याय, कमलेश कुमार सिंह और विजय बहादुर सिंह मैदान में हैं. 17 कमेटी मेंबर पदों के लिए 42 नामांकन पत्र वैध पाये गये थे, जिसमें से दो लोगों ने नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद अब 40 लोग मैदान में बचे है.



