


- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्वा मुखीजा उर्फ ‘द रिबेल किड’ से मुंबई की खार पुलिस ने दो घंटे तक की पूछताछ
- कॉमेडी के नाम पर अश्लीलता फैलाने के आरोपों के बीच NCPCR ने भी लिया एक्शन
‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो (India’s Got Latent Show) में अभद्र टिप्पणी मामले में अब तक 30 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं. शो की गेस्ट सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्वा मुखीजा उर्फ ‘द रिबेल किड’ (The Rebel Kid) अपनी ‘डार्क कॉमेडी’ को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं.
शो के अन्य प्रतिभागियों में मशहूर यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया (BeerBiceps), आशीष चंचलानी और स्टैंड-अप कॉमेडियन जसप्रीत सिंह भी विवादों के घेरे में हैं. मामले में अपूर्वा मुखीजा से बुधवार (12 फरवरी) को मुंबई की खार पुलिस ने करीब दो घंटे तक पूछताछ की. अपूर्वा ने अपने बयान दर्ज कराए.
इन सभी के खिलाफ कानूनी प्रक्रियाएं शुरू हो चुकी हैं. बताया जा रहा है कि अलग-अलग थानों में करीब 30 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं. सभी से ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो से जुड़े विवादित बयान को लेकर पूछताछ जारी है.
उधर दूसरी ओर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना ने अपने YouTube चैनल से ‘India’s Got Latent’ शो के सभी वीडियो डिलीट कर दिए हैं. यह कदम उस वक्त उठाया गया जब वे और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया विवादित बयान को लेकर जांच के दायरे में आ गए हैं. मुंबई पुलिस इस मामले में दोनों से पूछताछ के लिए संपर्क कर चुकी है.
रणवीर इलाहाबादिया, जिन्हें बीयरबाइसेप्स के नाम से जाना जाता है, को हाल ही में अपने शो के एक एपिसोड में ‘सेक्स विद पेरेंट्स’ पर की गई विवादित टिप्पणी के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा. इसके बाद समय रैना ने बुधवार को X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “जो कुछ भी हो रहा है, उसे संभालना मेरे लिए बहुत मुश्किल है.
मैंने सभी इंडियाज गॉट लेटेंट वीडियो हटा दिए हैं. मेरा उद्देश्य सिर्फ लोगों को हंसाना था. मैं जांच में पूरी मदद करूंगा.”
अब तक क्या-क्या हुआ
- यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, कॉमेडियन समय रैना और अपूर्वा मुखीजा के खिलाफ अश्लील और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर कई राज्यों में शिकायत दर्ज हुई है.
- महाराष्ट्र साइबर सेल ने 30 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उन्हें तलब किया है. संसद में भी इस मामले को लेकर चर्चा हो चुकी है, और एनसीडब्ल्यू ने 17 फरवरी को रणवीर इलाहाबादिया और अन्य को तलब किया है.
- खार पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद अपूर्वा मुखीजा से करीब दो घंटे की कड़ी पूछताछ हुई. अपूर्वा को पुलिस के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा. वहीं, पुलिस स्टेशन से बाहर निकलते ही मीडिया ने सवालों की झड़ी लगा दी, ऐसे में अपूर्वा आखमिचोली खेलती नजर आईं.
- पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सिद्धांत चतुर्वेदी, उर्फी जावेद, तन्मय भट्ट, राखी सावंत और दीपक कलाल को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है.



