


रांची: झारखंड बजट सत्र के दौरान मंगलवार को भोजनावकाश के बाद बजट पर वाद-विवाद हुआ. इसमें भाग लेते हुए भाजपा के विधायक बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार जनता को दिग्भ्रमित नहीं करे. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के पास पैसा खर्च करने को कोई विजन और इच्छानशक्ति ही नहीं है, जबकि सरकार केंद्र पर राशि नहीं देने का आरोप लगाती है. उन्होंने कहा कि राज्य सार्वजनिक उपक्रमों पर सरकार का बकाया है, लेकिन इसके लिए सरकार को प्रॉपर चैनल से प्रयास करना होगा.
बाबूलाल ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार ने राज्य की ओर से मांगे गए पैसे की तुलना में वित्त वर्ष 21-22 में 125.78 प्रतिशत अधिक पैसा दिया. वहीं 22-23 में 116.28 और वित्त वर्ष 23-24 में 110.58 प्रतिशत राशि मांग की तुलना में अधिक दी गई. उन्होंने कहा कि सरकार काम नहीं कर रही है तो केंद्र सरकार पर आरोप लगाकर पल्ला नहीं झाड़े. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में झारखंड को 14 हजार 373 करोड़ रुपए दिया गया.



