



Ranchi.झारखंड विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से महिला विधायकों की मुलाकात हुई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी महिला मंत्रियों और विधायकों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में महिला जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है, बल्कि यह नारी शक्ति को बल देने का कार्य भी करती है. उन्होंने बताया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष की महिला विधायक सदन में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की आवाज उठाती हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, आधी आबादी की भागीदारी से ही किसी भी समाज, राज्य और देश का सर्वांगीण विकास संभव है.
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. इस महत्वपूर्ण मौके पर झारखंड की कई महिला विधायक और मंत्री मौजूद थीं, जिनमें मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक डॉ. नीरा यादव, विधायक लुइस मरांडी, विधायक सविता महतो, विधायक रागिनी सिंह, विधायक ममता देवी, विधायक पूर्णिमा दास साहू, विधायक श्वेता सिंह और विधायक मंजू कुमारी शामिल थीं.



